जमशेदपुर: नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर शुक्रवार को जमशेदपुर में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया. बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतरे और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.



प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों मेहनती अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित होता है. वर्षों की तैयारी के बाद यदि परीक्षा की गोपनीयता भंग होती है तो यह ईमानदारी से परीक्षा देने वाले छात्रों के साथ अन्याय है.
इस दौरान छात्रों के हाथों में प्रधानमंत्री के आपत्तिजनक पोस्टर नजर आए. तख्तियों में आपत्तिजनक स्लोगन लिखे देखे गए. विरोध मार्च के दौरान छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की. प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई. कई छात्रों ने परीक्षा प्रणाली में सुधार और पारदर्शिता बहाल करने की मांग उठाई. इस दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों ने आजादी के नारे भी लगाए.





