सरायकेला: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के भाटिया बस्ती में बीते बुधवार को महिला के गले से सोने की चेन छीनने की घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है. लगातार हो रही छिनतई की घटनाओं ने इस आशंका को बल दिया है कि सरायकेला और जमशेदपुर में कोई बाहरी चेन स्नैचर गैंग सक्रिय हो सकता है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.



जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब सात बजे आदित्यपुर भाटिया बस्ती में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली थी. घटना को अंजाम देने के बाद दोनों फरार हो गए. पुलिस अब तक उनकी पहचान नहीं कर सकी है.
सूत्रों के अनुसार इसी दिन ठीक इसी तरह की तीन और वारदातें जमशेदपुर के साकची, बिष्टुपुर और कदमा थाना क्षेत्रों में भी हुईं. रात करीब आठ बजे साकची में. साढ़े आठ बजे बिष्टुपुर में और नौ बजे कदमा में एक शिक्षिका समेत महिलाओं को निशाना बनाकर बाइक सवार बदमाशों ने चेन छीन ली और फरार हो गए.
सभी घटनाओं में अपराधियों का तरीका लगभग एक जैसा बताया जा रहा है. दो युवक बाइक पर सवार होकर आते हैं. हेलमेट पहनकर अपनी पहचान छिपाते हैं और राह चलती महिलाओं को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम देते हैं. पुलिस को यह भी आशंका है कि अपराधी फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर रहे हैं, ताकि उनकी पहचान न हो सके.
हालांकि पुलिस ने अब तक आधिकारिक तौर पर यह पुष्टि नहीं की है कि सभी घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है. लेकिन घटनाओं के तरीके और समय को देखते हुए पुलिस विभिन्न थाना क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का मिलान कर रही है. यदि सभी मामलों के तार जुड़ते हैं तो यह किसी संगठित बाहरी गिरोह की करतूत हो सकती है.





