जमशेदपुर/ Afroz Mallik परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत किताडीह स्थित मॉडल इंग्लिश हाई स्कूल में मेधावी छात्र- छात्राओं के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाना और अन्य छात्रों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना था.

कार्यक्रम के दौरान स्कूल की प्रिंसिपल डी. लक्ष्मी ने कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया. कक्षा दो में टी. रूपांशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि माहिरा परवीन द्वितीय और अनन्या उपाध्याय तृतीय स्थान पर रहीं.
इस अवसर पर प्रिंसिपल डी. लक्ष्मी ने कहा कि सफलता पाने के लिए मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास बेहद जरूरी है. उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी लगन के साथ पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया. साथ ही अभिभावकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही बच्चे बेहतर प्रदर्शन कर पा रहे हैं.
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने भी छात्रों की उपलब्धियों की सराहना की और कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है तथा उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है.
मौके पर यह भी जानकारी दी गई कि द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा माहिरा परवीन के पिता मोईन हुसैन, किताडीह स्थित साउथ सेटलमेंट रेलवे मोहर्रम अखाड़ा कमेटी से जुड़े हुए हैं. बेटी की इस सफलता से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है. कार्यक्रम का समापन सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ किया गया.

