जमशेदपुर/ Afroz Mallik गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नामदा बस्ती निवासी 39 वर्षीय जसवीर सिंह बीते 18 महीनों से लापता है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है. लंबे समय बीत जाने के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिलने से परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है.

लापता युवक की बहन जसविंदर कौर के अनुसार, यह घटना 24 सितंबर 2024 की है.
बताया कि उस दिन जसवीर सिंह ने कपाली के डोबो ब्रिज से फोन कर पानी में कूदने की बात कही और अचानक कॉल काट दिया. इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और फिर उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका. सूचना मिलते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और आसपास के इलाकों में खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. घटनास्थल से जसवीर सिंह की काले रंग की स्कूटी, मोबाइल फोन और हेलमेट बरामद हुआ, जिससे अनहोनी की आशंका और गहरी हो गई.
परिजनों द्वारा कपाली ओपी में लिखित आवेदन देने के बाद पुलिस ने भी स्थानीय गोताखोरों और रेस्क्यू टीम की मदद से तलाशी अभियान चलाया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद कोई सफलता नहीं मिली. अब घटना को 18 महीने बीत चुके हैं, लेकिन जसवीर सिंह का कोई पता नहीं चल पाया है. इससे परिवार पूरी तरह परेशान और निराश है.
परिजनों ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को जसवीर सिंह के संबंध में कोई भी जानकारी मिले, तो वे मोबाइल नंबर 8210278204 पर संपर्क कर सहयोग करें.

