जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र के तमरिया रोड स्थित क्वार्टर में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मामले में 25 वर्षीय सुमित दास उर्फ लंगड़ा को गिरफ्तार किया है. वहीं वारदात में शामिल दूसरे आरोपी मो. जाफर को कदमा थाना कांड संख्या 98/26 में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है.


शनिवार को सिटी एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी. पुलिस के अनुसार 7 सितंबर की दोपहर तमरिया रोड स्थित क्वार्टर संख्या एल-2/27 में सुधांशु आदित्या के घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात एवं अन्य सामान की चोरी की गई थी. मामले में 8 सितंबर को साकची थाना कांड संख्या 67/2026 दर्ज किया गया था. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी एसपी के निर्देशन और नगर डीएसपी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई. टीम ने CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर सुमित दास उर्फ लंगड़ा को गिरफ्तार किया.
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने की अंगूठी, सोने का एक जोड़ा पंजरा (मेहंदी छल्ला), चांदी की पायल, चांदी की अंगूठी और अन्य जेवरात बरामद किए हैं. इसके अलावा एक हथौड़ी और छैनी भी जब्त की गई है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सुमित दास के खिलाफ पूर्व में साकची और बिष्टुपुर थाने में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं.

