जमशेदपुर: कदमा पुलिस ने रामजनम नगर काली मंदिर रोड इलाके में छापेमारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस का दावा है कि दोनों किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे. गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक लोडेड देसी कट्टा, एक अतिरिक्त गोली और मोबाइल फोन बरामद किया गया है. बुधवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी.


पुलिस के अनुसार 27 अक्टूबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि रामजनम नगर काली मंदिर रोड निवासी समीर नाग अपने दोस्त के साथ अवैध देसी कट्टा लेकर घर में मौजूद है और किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है. सूचना का सत्यापन करने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई.
पुलिस को देखकर भागने का किया प्रयास
छापेमारी टीम समीर नाग के घर पहुंची तो कमरे में दो युवक एक साथ बैठे मिले. पुलिस को देखते ही दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करीब 20 वर्षीय समीर नाग उर्फ आदित्य नाग, निवासी रामजनम नगर काली मंदिर रोड, कदमा तथा करीब 19 वर्षीय शुभम कुहार, निवासी भाटिया बस्ती रोड नंबर 10-12, राज बिहारी पथ, कदमा के रूप में हुई है.
पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान समीर नाग की पैंट की दायीं जेब से एक स्मार्टफोन बरामद किया गया. इसके बाद कमरे की तलाशी लेने पर एक लोडेड देसी कट्टा मिला. वहीं शुभम कुहार के ट्राउजर की पॉकेट से एक गोली बरामद होने की बात पुलिस ने कही है.
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले में कदमा थाना कांड संख्या 121/26, दिनांक 28.10.2026, धारा 25(1-B)(a)/26(ii)/35 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हथियार कहां से आया और कथित तौर पर किस वारदात को अंजाम देने की योजना थी.
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार समीर नाग का पूर्व आपराधिक इतिहास भी है. उसके खिलाफ कदमा थाना कांड संख्या 99/2023 दिनांक 15 जुलाई 2023 में भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है.
छापेमारी टीम में थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव, एसआई रामदेव रविदास, एसआई रंजन कुमार रवि, एसआई तसीवर हुसैन खां तथा एएसआई कौकिल यादव शामिल थे.

