
जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत जवाहर नगर स्थित महावीर कॉलोनी रोड नंबर-15 में सोमवार शाम दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. मारपीट की इस घटना में एक ही परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए, जिनमें पति- पत्नी और उनका नाबालिग पुत्र गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जबकि दो नाबालिग बेटियों को भी चोटें आई हैं.


घायलों की पहचान महावीर कॉलोनी निवासी उमेश कुमार वर्मा (46), उनकी पत्नी उषा देवी (40), पुत्र गोपाल कुमार वर्मा (14) तथा बेटियां गुनगुन (16) और गौरी कुमारी (14) के रूप में हुई है.

पीड़ित परिवार का आरोप है कि उनके पड़ोसी प्रेमनाथ साह, मंजू देवी और आकाश साह ने मिलकर उन पर हमला किया. उमेश वर्मा के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है. उनका आरोप है कि पड़ोसी परिवार कथित रूप से गांजा बेचने का कारोबार करता है, जिसके कारण देर रात नशा खरीदने आने वाले लोग अक्सर उनके घर का दरवाजा खटखटाते थे. इसको लेकर कई बार आपत्ति जताई गई, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ.
पीड़ित पक्ष का कहना है कि सोमवार को सड़क पर गंदा पानी बहाने और कथित अतिक्रमण को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. उमेश वर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि पड़ोसी परिवार ने सड़क के बड़े हिस्से पर अवैध पार्किंग कर अतिक्रमण कर रखा है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी होती है.
घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया और पुलिस को सूचना दी गई. समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था. वहीं दूसरे पक्ष का पक्ष भी सामने नहीं आ सका है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
Edited By Sarita






