
पाकुड़: शहर के हाटपाड़ा सब्जी बाजार में मानवता का फायदा उठाकर ठगी करने की कोशिश का मामला सामने आया है. एक युवती ने अपनी मां की तबीयत खराब होने की बात कहकर एक सब्जी दुकानदार से मोबाइल के जरिए ₹3500 ट्रांसफर कराने का अनुरोध किया. बदले में उसने नकद राशि तुरंत देने का भरोसा दिया, लेकिन पैसे ट्रांसफर होते ही वह वहां से भागने लगी.


जानकारी के अनुसार, सब्जी विक्रेता वरुण शाह ने युवती की बात पर भरोसा करते हुए उसके बताए मोबाइल नंबर पर ₹3500 ऑनलाइन भेज दिए. कुछ देर बाद जब नकद राशि लेने की बारी आई तो युवती बिना पैसे दिए मौके से फरार होने लगी.
दुकानदार को ठगी का एहसास होते ही उसने युवती का पीछा किया और करीब आधा किलोमीटर दूर राज हाई स्कूल के समीप उसे पकड़ लिया. इसके बाद युवती को वापस दुकान लाया गया और मामले की सूचना पुलिस को दी गई.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को हिरासत में लेकर थाना ले गई. पूछताछ के दौरान युवती अपना नाम और पता स्पष्ट रूप से नहीं बता सकी.
स्थानीय लोगों को आशंका है कि इस घटना के पीछे किसी संगठित ठगी गिरोह की भूमिका हो सकती है. हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है.
पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी. यदि किसी गिरोह की संलिप्तता मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Edited By Sarita






