लोहरदगा: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JHTET-26) रविवार को लोहरदगा जिले के 27 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई. परीक्षा की दोनों पालियों में कुल 12,361 परीक्षार्थी शामिल हुए. प्रथम पाली में वर्ग 6 से 8 के लिए परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें कुल 7,823 परीक्षार्थियों में से 7,315 उपस्थित रहे, जबकि 508 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. वहीं, द्वितीय पाली में वर्ग 1 से 5 के लिए आयोजित परीक्षा में कुल 5,338 परीक्षार्थियों में से 5,046 शामिल हुए तथा 292 अनुपस्थित रहे.


डीसी-एसपी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
परीक्षा के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर उपायुक्त संदीप कुमार मीना एवं पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय, उर्सूलाइन महिला शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, लोहरदगा सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा के पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी, विधि-व्यवस्था, परीक्षा केंद्रों की बाहरी सुरक्षा तथा केंद्राधीक्षकों एवं वीक्षकों द्वारा निभाई जा रही जिम्मेदारियों का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान परीक्षा की नोडल पदाधिकारी भी उपस्थित रहीं.
सुरक्षा एवं निगरानी के रहे पुख्ता इंतजाम
परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू की गई थी. परीक्षा के सुचारू संचालन को लेकर वरीय जोनल पदाधिकारी, जोनल पदाधिकारी, पेट्रोलिंग दंडाधिकारी, उड़नदस्ता दल, स्टैटिक दंडाधिकारी, अनुमंडल दंडाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी. सभी अधिकारियों एवं कर्मियों ने लगातार निगरानी रखी.
परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पूर्व महिला एवं पुरुष परीक्षार्थियों की सघन फ्रिस्किंग की गई. इसके साथ ही झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराया गया, ताकि परीक्षा निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके.
उपायुक्त ने सफल आयोजन के लिए दी बधाई
परीक्षा के शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सफल आयोजन पर उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने संतोष व्यक्त किया. उन्होंने परीक्षा में प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों, वीक्षकों एवं परीक्षा संचालन से जुड़े सभी कर्मियों को बधाई दी. साथ ही परीक्षा के सफल आयोजन में सभी के समन्वित प्रयास एवं सहयोग की सराहना की.

