जमशेदपुर: शहर में प्रतिबंधित दवाइयों के खिलाफ चल रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. ओलिडीह थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोरेक्स कफ सिरप बरामद किया गया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कोलकाता के रास्ते एक युवक अवैध दवाइयों की खेप लेकर जमशेदपुर पहुंचने वाला है. सूचना के आधार पर वचनदेव कुजूर के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया.
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जवाहरनगर रोड नंबर 6 में छापेमारी की, जहां से जीशान अहमद को गिरफ्तार किया गया. तलाशी के दौरान उसके पास से 120 बोतल प्रतिबंधित कोरेक्स कफ सिरप बरामद किया गया.
पुलिस के अनुसार आरोपी इन दवाइयों को अवैध रूप से बेचने की तैयारी में था. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.
पुलिस ने संकेत दिया है कि शहर में प्रतिबंधित दवाइयों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.

