जमशेदपुर: ब्रह्मर्षि विकास मंच जमशेदपुर की ओर से बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के अवसर पर विद्यापतिनगर स्थित केंद्रीय कार्यालय में रविवार को सभा आयोजित की गई. कार्यक्रम की शुरुआत श्रीबाबू के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर की गई. इस दौरान उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया गया.


बैठक की अध्यक्षता मंच के केंद्रीय अध्यक्ष रामनारायण शर्मा ने की, जबकि संचालन जिला कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने किया. बैठक में आगामी छठ महापर्व को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.
छठ घाटों पर सफाई से लेकर चेंज रूम तक की व्यवस्था
निर्णय लिया गया कि मंच की क्षेत्रीय इकाइयां अपने-अपने क्षेत्र के छठ घाटों पर सफाई अभियान चलाने के साथ सहायता शिविर लगाएंगी. महिला व्रतधारियों के वस्त्र बदलने के लिए कपड़े के अलग-अलग चेंज रूम बनाए जाएंगे. खरना के दिन व्रतधारियों के बीच लौकी, सूप, नारियल, ईख एवं फलों का वितरण भी किया जाएगा.
2500 कार्यकर्ताओं का होगा महासम्मेलन
बैठक में जिला कार्यकर्ता महासम्मेलन आयोजित करने का निर्णय भी सर्वसम्मति से लिया गया. मंच के अनुसार जमशेदपुर महानगर से करीब 2500 कार्यकर्ता इसमें हिस्सा लेंगे. महासम्मेलन को सफल बनाने के लिए सभी क्षेत्रीय इकाइयों में बैठक की तिथियां निर्धारित की जाएंगी. प्रत्येक इकाई से 50 महिला, 50 पुरुष एवं 50 युवा कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सूची उपलब्ध कराने का आह्वान किया गया.
महासम्मेलन में दो सत्रों में प्रशिक्षण शिविर आयोजित होगा. दोनों बौद्धिक सत्रों के लिए अलग-अलग अतिथियों को आमंत्रित किया जाएगा, जो जमशेदपुर के बाहर से आएंगे. महासम्मेलन की तिथि, स्थान एवं अतिथियों के नाम की घोषणा छठ महापर्व के बाद की जाएगी.
बैठक में संरक्षक हरेंद्र पांडेय, अनिल कुमार सिंह, शंभू शर्मा, विजय नारायण, वीरेंद्र कुमार सिंह, धर्मेंद्र कुमार सिंह, महेश तिवारी, सुनील कुमार पांडेय, दिनेश चौधरी, श्रीनिवास ठाकुर, शशि कुमार सिंह, प्रभाकर शर्मा, प्रवक्ता शैलेंद्र ठाकुर झूलन सहित विभिन्न क्षेत्रीय इकाइयों के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: ऋषि कुमार पांडेय

