जमशेदपुर: राज्य में आयोजित 14वीं JPSC, JSSC तथा अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार, धांधली, अनियमितता और वादाखिलाफी के आरोपों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जमशेदपुर महानगर ने शुक्रवार को मशाल जुलूस सह आक्रोश मार्च निकाला.


भाजपा महानगर इकाई के तत्वावधान में आयोजित यह जुलूस साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय से बड़ा गोलचक्कर तक निकाला गया. इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग उठाई.
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि राज्य की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है. उन्होंने कहा कि युवाओं के अधिकारों और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया की मांग को लेकर यह विरोध-प्रदर्शन आयोजित किया गया है.
भाजपा ने राज्य सरकार से भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा पूरी चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग की. कार्यक्रम के दौरान सरकार की नीतियों के विरोध में नारेबाजी भी की गई.

