जमशेदपुर: सोनारी सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी, ईस्ट लेआउट बटतल्ला की ओर से सोमवार को भूमि पूजन सह खूंटी पूजा के साथ भव्य दुर्गा पूजा पंडाल के निर्माण की शुरुआत की गई. भारत सेवाश्रम संघ के स्वामी सुभ्रानन्दजी महाराज एवं पीजुषानन्दजी महाराज ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया.


समिति के संयुक्त सचिव स्वपन मुखर्जी ने बताया कि इस वर्ष पूजा पंडाल को भव्य काल्पनिक मंदिर का स्वरूप दिया जाएगा. पंडाल करीब 40 फीट ऊंचा और 60 फीट चौड़ा होगा. आकर्षक साज-सज्जा के साथ इसे विशेष रूप दिया जाएगा.
18 फीट की प्रतिमा होगी मुख्य आकर्षण
संयुक्त कोषाध्यक्ष अभिजीत सेनगुप्ता के अनुसार इस बार पूजा का प्रमुख आकर्षण मां दुर्गा की 18 फीट ऊंची प्रतिमा होगी. इसे कोलकाता के प्रसिद्ध मूर्तिकार एवं मूर्ति निर्माण के लिए सरकारी पुरस्कार प्राप्त कर चुके प्रशांत पाल तैयार कर रहे हैं. प्रतिमा 5 अक्टूबर को कोलकाता से सड़क मार्ग से जमशेदपुर के लिए रवाना होगी और देर रात सोनारी पहुंचेगी.

संयुक्त सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि पूजा में पारंपरिक ढाक की विशेष व्यवस्था रहेगी. इसके लिए मेदिनीपुर से ढाकी बुलाए जा रहे हैं. पूजा के दौरान लगातार तीन दिनों तक श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा.
पंडाल का उद्घाटन पंचमी के दिन भारत सेवाश्रम संघ के सचिव मुक्तात्मानन्दजी महाराज एवं कमेटी के अध्यक्ष मुरारी गोयल द्वारा किया जाएगा.
समिति में एस.के. बेहेरा (आरएसबी) चेयरमैन, मुरारी गोयल अध्यक्ष, स्वपन गांगुली एवं शंकर सरकार कार्यकारी अध्यक्ष, स्वपन मुखर्जी एवं संजय कुमार सिंह संयुक्त सचिव तथा अभिजीत सेनगुप्ता एवं बिद्युत गुहा संयुक्त कोषाध्यक्ष हैं.

