जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आजादनगर थाना क्षेत्र से 3.680 किलोग्राम गांजा और गांजा की 1299 पुड़िया बरामद की है. मामले में पुलिस ने 59 वर्षीय बिनीता तिर्की और उसके कथित सहयोगी 69 वर्षीय अब्दुल शकील को गिरफ्तार किया है. छापेमारी में नकद राशि, मोबाइल फोन, QR कोड और गांजा की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद की गई है.


पुलिस के अनुसार आजादनगर थाना कांड संख्या 73/26, दिनांक 10 सितंबर 2026 के सिलसिले में मिली गुप्त सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई. पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में टीम ने बारिश कॉलोनी, बेहरा बगान रोड नंबर-4 स्थित बिनीता तिर्की के घर पर छापेमारी की.
तलाशी के दौरान पुलिस को 3.680 किलोग्राम गांजा मिला. इसके साथ कुल 1299 पुड़िया, 6,590 रुपये नकद, एक कीपैड मोबाइल, दो QR कोड और प्लास्टिक रैपर समेत अन्य सामान जब्त किया गया. पुलिस के मुताबिक मकान में गांजा को छोटी-छोटी पुड़ियों में तैयार कर बिक्री किए जाने की बात जांच में सामने आई है.
*बुंडू से मानगो- कपाली तक नेटवर्क की जांच*
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में एक और महत्वपूर्ण कड़ी सामने आई है. पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि गांजा रांची के बुंडू निवासी ‘धोनी’ नामक व्यक्ति से प्राप्त किया जाता था. इसके बाद इसे आजादनगर, मानगो, कपाली और आसपास के इलाकों में बेचा जाता था.
इस जानकारी के बाद पुलिस अब कथित सप्लायर ‘धोनी’ की भूमिका के साथ गांजा की सप्लाई चेन और स्थानीय नेटवर्क की जांच कर रही है. बरामद QR कोड और मोबाइल से मिलने वाली जानकारी भी जांच के लिए महत्वपूर्ण हो सकती है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कारोबार में दोनों गिरफ्तार आरोपियों के अलावा और कितने लोग शामिल हैं.
गिरफ्तार बिनीता तिर्की वारिश कॉलोनी रोड नंबर-4, बेहरा बगान की रहने वाली है, जबकि अब्दुल शकील ग्रीन वैली रोड नंबर-17, हुसैनी मोहल्ला का निवासी है. दोनों के खिलाफ NDPS Act की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. वहीं, इस बरामदगी के बाद जांच का अगला फोकस गांजा की सप्लाई करने वाले स्रोत और इसके संभावित वितरण नेटवर्क तक पहुंचना है.

