जामताड़ा: जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जामताड़ा के तत्वावधान में शुक्रवार को पीएम श्री गवर्नमेंट सेकेंडरी स्कूल आदर्श, जामताड़ा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. NALSA Child-Friendly Legal Services for Children Scheme, 2024 के तहत आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकार, सुरक्षा, लैंगिक समानता और निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में जागरूक किया गया.


कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक बलप्रीत सिंह ने किया. LADC अधिवक्ता सरिता कुमारी बर्मन ने विद्यार्थियों को दहेज प्रथा के दुष्परिणाम और इसके खिलाफ उपलब्ध कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि दहेज जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग का जागरूक होना आवश्यक है.
उन्होंने लैंगिक समानता का महत्व समझाते हुए विद्यार्थियों को बताया कि महिला और पुरुष दोनों को समान अधिकार, अवसर, सम्मान और गरिमा प्राप्त है. इसके साथ ही संविधान में निहित न्याय, समानता, स्वतंत्रता एवं गरिमा के मूल्यों तथा महिलाओं को प्राप्त कानूनी अधिकारों और संरक्षण के बारे में जानकारी दी गई.
हिंसा या शोषण होने पर मदद लेने के लिए किया जागरूक
कार्यक्रम में NALSA Child-Friendly Legal Services for Children Scheme, 2024 के तहत बच्चों के अधिकार, सुरक्षा एवं संरक्षण के साथ बच्चों के अनुकूल विधिक सेवाओं की जानकारी दी गई. विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की हिंसा, शोषण अथवा कानूनी समस्या का सामना करने पर उचित सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया.
इसके अलावा NALSA और JHALSA की विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं के बारे में बताया गया. पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से मिलने वाली निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी भी साझा की गई.
मौके पर प्रभारी प्रधानाध्यापक बलप्रीत सिंह, सहायक शिक्षिका रिना रॉय, संचिता सिंह, शिक्षक उज्ज्वल कुमार मंडल, बाबर खान, निवास पंडित, निर्मल कुमार मंडल, शिक्षिका बेबी देवी, मीरा सेन सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद थे. कार्यक्रम को सफल बनाने में PLV मेघा गुप्ता, शिवनाथ मंडल और अमित कुमार मिश्रा ने सक्रिय सहयोग किया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

