जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के एग्रीको ट्रैफिक सिग्नल के समीप रविवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई. मृतकों की पहचान दीप राम और उनके पुत्र यश के रूप में हुई है. दोनों मानगो के चंद्रावती नगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं. हादसे ने गणेश पूजा और तीज की खुशियों को परिवार के लिए मातम में बदल दिया.


मिली जानकारी के अनुसार दीप राम अपने पुत्र यश के साथ स्कूटी से कहीं जा रहे थे. इसी दौरान एग्रीको ट्रैफिक सिग्नल के समीप उनकी स्कूटी एक अनियंत्रित हाईवा की चपेट में आ गई. हादसा इतना गंभीर था कि दोनों पिता-पुत्र बुरी तरह घायल हो गए.

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से दोनों को आनन-फानन में MGM अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
बताया जा रहा है कि दीप राम की पूजा मार्बल नामक दुकान है और वे मार्बल से मंदिर निर्माण का काम भी करते थे. एक साथ पिता-पुत्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
हाईवा चालक हिरासत में, दोनों वाहन जब्त
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी और हाईवा को जब्त कर लिया है, जबकि हाईवा चालक को हिरासत में लिया गया है. पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है.

इधर पिता-पुत्र की मौत के बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश भी फूट पड़ा. एग्रीको जैसे व्यस्त इलाके में भारी वाहनों की आवाजाही और उनकी रफ्तार को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं. एक ही परिवार के पिता और पुत्र की इस तरह मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.

