रांची: कांके क्षेत्र में दोहरी जमाबंदी और डीसीएलआर कोर्ट के आदेश की अवहेलना से जुड़े मामले में प्रकाशित इंडिया न्यूज़ वायरल (indianewsviral.in) की खबर का बड़ा असर देखने को मिला है. जहां मामले को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद झारखंड एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम सक्रिय हो गई है.

सूत्रों के अनुसार एसीबी रांची ने मामले पर संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज कर विधिवत जांच शुरू कर दी है. यह मामला कांके अंचल के नेवरी मौजा स्थित प्लॉट संख्या 1335 से जुड़ा हुआ है. आरोप है कि मात्र 25 डिसमिल भूमि पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 12 डिसमिल अतिरिक्त भूमि की जमाबंदी कर 37 डिसमिल का राजस्व रसीद काटा जा रहा था.
रांची डीसीएलआर कोर्ट ने 2 दिसंबर 2025 को इस फर्जी जमाबंदी को रद्द करने का स्पष्ट आदेश दिया था. कोर्ट ने अंचलाधिकारी को राजस्व अभिलेखों, दस्तावेजों और स्थल पर दखल- कब्जा की जांच कर नया विधिसम्मत आदेश पारित करने का निर्देश भी दिया था. इसके बावजूद आदेश पर अमल नहीं होने और कथित रूप से उसे नकारने के आरोप सामने आए थे.
नीचे पढ़ें खबर 👇
https://indianewsviral.co.in/jharkhand-land-scam/
खबर प्रकाशित होने के बाद एसीबी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अपने हाथ में ले ली है. सूत्र बताते हैं कि जांच के क्रम में एसीबी की टीम ने सोमवार को वरिष्ठ पत्रकार मुकेश कुमार भारतीय को बुलाकर पूछताछ भी की है.
एसीबी द्वारा संबंधित राजस्व अधिकारियों की भूमिका, दस्तावेजों की वैधता और जमाबंदी प्रक्रिया की जांच की जा रही है. बताया जा रहा है कि जांच के दायरे में अंचल कार्यालय से जुड़े अन्य कर्मी भी आ सकते हैं. इस कार्रवाई के बाद कांके क्षेत्र के राजस्व महकमे में हड़कंप मचा हुआ है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो इस तरह के मामलों से आम लोगों का भरोसा प्रशासन से उठ जाता है. अब एसीबी की जांच से यह उम्मीद जताई जा रही है कि मामले में सच्चाई सामने आएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी.

