जामताड़ा: नाला-मुर्गाबनी रोड पर रविवार सुबह करीब 7:30 बजे वन विभाग की गश्ती टीम ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भेलाडंगाल मोड़ के पास एक सफेद रंग की टाटा पिकअप वाहन को जब्त किया. जांच के दौरान वाहन पर 18 बोटा अर्जुन की लकड़ी, जिसकी अनुमानित मात्रा करीब 3.2571 घनमीटर बताई गई है, लदी मिली.


वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार वाहन चालक के पास न तो काष्ठ परिवहन अनुज्ञा पत्र मौजूद था और न ही वाहन से संबंधित किसी प्रकार के वैध दस्तावेज उपलब्ध थे. संदेह के आधार पर वाहन की जांच की गई, जिसमें लकड़ी के अवैध परिवहन की पुष्टि हुई.
मौके पर गवाहों की उपस्थिति में लकड़ी की विधिवत मापी की गई तथा जब्ती सूची तैयार की गई. इसके बाद लकड़ी सहित जब्त वाहन को सुरक्षित वन प्रक्षेत्र कार्यालय परिसर लाया गया.
वन विभाग की इस कार्रवाई में प्रधान वनरक्षी पुलक कुमार माल, वनरक्षी जाफर मियां, होमगार्ड बापी दास सहित अन्य कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही. विभाग ने बताया कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है तथा अवैध लकड़ी तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है.
वन विभाग ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध लकड़ी कटाई और तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

