चांडिल: प्रखंड क्षेत्र समेत ईचागढ़ विधानसभा में आयोजित अखंड हरिनाम संकीर्तन कार्यक्रम में विधायक सविता महतो शुक्रवार को शामिल हुईं. इस दौरान उन्होंने घोड़ानेगी, चौका, बड़ामटांड़ तथा ईचागढ़ प्रखंड के टीकर गांव में आयोजित संकीर्तन में भाग लिया. उनके पहुंचने पर आयोजन समिति ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.

कार्यक्रम के दौरान सविता महतो ने हरिमंडप में विधिवत पूजा- अर्चना कर माथा टेका और क्षेत्रवासियों की सुख- समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की. इस दौरान उन्होंने कुछ समय भक्तों के साथ बैठकर कीर्तन का आनंद लिया और पूरे माहौल में व्याप्त भक्ति एवं श्रद्धा की सराहना की.
विधायक ने कहा कि अखंड हरिनाम संकीर्तन जैसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना के साथ- साथ आपसी प्रेम, भाईचारा और एकता को मजबूत करते हैं. उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने में अहम भूमिका निभाते हैं.
इस दौरान ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने विधायक के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं भी रखीं, जिस पर उन्होंने गंभीरता से ध्यान देते हुए समाधान का आश्वासन दिया. मौके पर झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, समर भुईयां, कमल पोद्दार सहित कई लोग उपस्थित रहे.

