पश्चिमी सिंहभूम: जिले के सोनुआ प्रखंड कार्यालय सभागार में गुरुवार को पीपुल्स प्लान अभियान 2026-27 के तहत ग्राम पंचायत सहजकर्ता दल के दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ उरांव, राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर पातोर जोंको एवं हारिन तमसोय, प्रदान संस्था के योगेन्द्र प्रमथ तथा विभिन्न पंचायतों के मुखियाओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.



प्रशिक्षण कार्यक्रम में ग्राम सभा की सक्रिय भागीदारी के साथ ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) 2026-27 तैयार करने की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी गई. इस दौरान PRA, PAI, 9 LSDG थीम, अभिसरण (Convergence) तथा GPDP पोर्टल पर ऑनलाइन प्रविष्टि की प्रक्रिया से प्रतिभागियों को अवगत कराया गया.

प्रशिक्षकों ने प्रत्येक ग्राम पंचायत में गठित 6 सदस्यीय ग्राम पंचायत सहजकर्ता दल की भूमिका और जिम्मेदारियों पर भी विस्तार से चर्चा की. उन्होंने बताया कि पंचायतों की विकास योजनाएं अब 16वें वित्त आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तैयार की जाएंगी तथा टाइड और अनटाइड ग्रांट का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाएगा.
कार्यक्रम में लोंजो पंचायत की मुखिया रासमानी मांझी, बायकोडा पंचायत के मुखिया सोहन माझी, बारी पंचायत की मुखिया सुनीता गागराई, पंचायत सचिव मानस त्रिपाठी, मनजीत कच्छप, शिवशंकर नायक, आलोक पूर्ति, प्रदान संस्था के रूपेश प्रधान सहित विभिन्न पंचायतों के पंचायत सहायक उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक





