
गढ़वा: जिले के केतार थाना क्षेत्र के बांसडीह गांव के बिगहा टोला में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया. घटना में दूल्हे के पिता समेत कई लोग घायल हो गए, जबकि आधा दर्जन से अधिक बराती वाहनों में तोड़फोड़ की गई. हालात ऐसे बने कि शादी की रस्में पूरी नहीं हो सकीं और बरात बिना दुल्हन लिए ही वापस लौट गई.


जानकारी के अनुसार बिगहा टोला निवासी ददई पासवान की पुत्री खुशबू कुमारी की शादी पलामू जिले के ऊंटारी थाना क्षेत्र के पांडेयपुरा गांव निवासी राजू कुमार के साथ तय हुई थी. बरात के आगमन के बाद जयमाला कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. इसके बाद मेहमानों के मनोरंजन के लिए ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया था.
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान गांव के कुछ युवक जबरन स्टेज पर चढ़ने लगे. बरातियों द्वारा विरोध किए जाने पर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और पत्थर चले. इस दौरान दूल्हे के पिता दशरथ राम समेत कई बराती घायल हो गए.
मारपीट में दूल्हे के पिता दशरथ राम को गंभीर चोटें आई हैं. वहीं दुल्हन के पिता ददई पासवान और दुल्हन की बहन भी घायल हुए हैं. घटना के बाद विवाह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और समारोह का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया.
घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. घटना के बाद बरात पक्ष ने शादी की रस्में आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया और बिना फेरे लिए ही बरात वापस लौट गई.
घटना की सूचना मिलते ही केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और मारपीट तथा तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. मामले को लेकर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है.
Edited By Sarita Mahato






