गम्हरिया: थाना क्षेत्र में भारतीय सेना के एक जवान ने तीन युवकों पर मारपीट, लूटपाट और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.


प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेना संख्या 23001720L के जवान संतोष राय ने गम्हरिया थाना में दिए आवेदन में बताया है कि 11 जून 2026 की दोपहर करीब 2 बजे वह अपने निजी कार्य से गम्हरिया बाजार की ओर जा रहे थे. इसी दौरान बोलायडीह रोड नंबर-10 स्थित एक दुकान के समीप उनकी मुलाकात अभिषेक उर्फ गांधी, दीपक और विशेष नामक युवकों से हुई.
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि तीनों युवकों ने उनसे आर्मी कैंटीन से शराब दिलाने की मांग की. जब उन्होंने ऐसा करने से इनकार किया तो कथित रूप से उनके साथ मारपीट की गई. शिकायत के अनुसार आरोपियों ने उनकी जेब में रखे करीब 12 हजार रुपये भी छीन लिए. विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.
जवान ने अपने आवेदन में कहा है कि अभिषेक उर्फ गांधी ने कथित तौर पर अपने पास रखे कट्टा के बट से उनके सिर और पैर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. घटना के बाद वह बेहोश हो गए. बाद में होश आने पर उन्हें उपचार के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया.
संतोष राय ने गम्हरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध लूट, छिनतई, मारपीट और जानलेवा हमले सहित अन्य संगत धाराओं में कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. थाना पुलिस का कहना है कि आवेदन में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Edited By Sarita Mahato

