गम्हरिया: थाना क्षेत्र के उषा मोड़ पर मंगलवार देर शाम एक सड़क दुर्घटना घटी. जहां औद्योगिक क्षेत्र की ओर से निकल रहे ट्रेलर से छोटा गम्हरिया की ओर से आ रही एक बाइक टकरा गई. हादसे में बाइक सवार युवक घायल हो गया, जबकि उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई.

घटना के समय मौके पर मौजूद गम्हरिया थाना पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए बिना देर किए घायल युवक को अपनी जीप में बैठाकर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. पुलिस की तत्परता के कारण घायल युवक को समय पर चिकित्सीय सहायता मिल सकी.
हादसे के बाद कुछ देर के लिए मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी, जिसे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नियंत्रित कर लिया. पुलिस की सक्रियता से यातायात व्यवस्था जल्द ही सामान्य हो गई. स्थानीय लोगों ने गम्हरिया थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सहयोगात्मक रवैये की सराहना की.

