गम्हरिया: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया बाजार को आधुनिक मल्टीप्लेक्स मार्केट कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करने की पहल के बाद बाजार के दुकानदारों में उत्साह का माहौल है. सोमवार को बाजार समिति के सदस्यों ने झामुमो नेता कालीपद (केपी) सोरेन का गर्मजोशी से स्वागत कर इस पहल के प्रति आभार जताया.


ज्ञात हो कि दो दिन पूर्व सिंहभूम सांसद जोबा माझी ने अंचल कार्यालय में नगर निगम और अंचल प्रशासन के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर गम्हरिया बाजार को व्यवस्थित और आधुनिक स्वरूप देने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया था. इसके बाद से ही बाजार के विकास को लेकर दुकानदारों और स्थानीय लोगों में सकारात्मक चर्चा तेज हो गई है.
दुकानदारों का कहना है कि बाजार के पुनर्विकास से वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान होगा और व्यापारिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी. इसी को लेकर सोमवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया.
मीडिया से बातचीत करते हुए झामुमो नेता केपी सोरेन ने कहा कि सांसद जोबा माझी के प्रयास से गम्हरिया बाजार को व्यवस्थित और आधुनिक बनाने की दिशा में सार्थक पहल शुरू हुई है. आने वाले दिनों में इसका सकारात्मक परिणाम दिखाई देगा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है.
उन्होंने कहा कि बाजार के आधुनिक स्वरूप में विकसित होने से न केवल दुकानदारों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि सड़क पर लगने वाले जाम की समस्या से भी लोगों को राहत मिलेगी. साथ ही स्थानीय नागरिकों को एक ही परिसर में विभिन्न प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी.
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद परितोष भेज, निरंजन प्रधान, दिलीप गोराई, दीपक मुंडा, फूलकांत झा, जगदीश नारायण चौबे, इंद्रकांत झा सहित बाजार समिति के कई सदस्य एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
Edited By Sarita Mahato

