आदित्यपुर: कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के आदित्यपुर शाखा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में दिवंगत बीमित कामगारों के आश्रित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई. आश्रित हितलाभ (Dependent Benefit) के तहत दो परिवारों को कुल 3,74,139 रुपये की बकाया राशि का भुगतान किया गया.


कार्यक्रम में ESIC के क्षेत्रीय निदेशक शिवेंद्र कुमार ने लाभुक परिवारों को हितलाभ सौंपा. इस दौरान शाखा प्रबंधक संजय कुमार भी मौजूद रहे.

दिवंगत बीमित व्यक्ति सिराजुद्दीन अंसारी के आश्रितों को 1,56,806 रुपये की एरियर राशि दी गई. वहीं, राजू प्रसाद के आश्रित परिवार को 2,17,333 रुपये का भुगतान किया गया. दोनों परिवारों के लिए आश्रित हितलाभ स्वीकृत किया गया है. ESIC अधिकारियों ने लाभुकों को बताया कि एरियर भुगतान के बाद अब निर्धारित आश्रित हितलाभ की राशि प्रत्येक महीने सीधे उनके बैंक खाते में जमा की जाएगी.
संकट में परिवार को आर्थिक सहारा देता है आश्रित हितलाभ
क्षेत्रीय निदेशक शिवेंद्र कुमार ने कहा कि ESIC बीमित कामगारों और उनके परिवारों को संकट के समय आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. बीमित व्यक्ति के असामयिक निधन की स्थिति में पात्र आश्रितों के लिए यह हितलाभ नियमित आर्थिक सहारे का माध्यम बनता है. शाखा प्रबंधक संजय कुमार ने लाभुक परिवारों को योजना से संबंधित आवश्यक सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया.

