जामताड़ा: जेबीसी. डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस को आखिरकार उसका पूरा परिसर वापस मिल गया है. वर्षों से नगर पंचायत के उपयोग में रहा स्कूल परिसर स्थित पुराना नगर भवन अब झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में स्कूल प्रबंधन को सौंप दिया गया है.


बुधवार को जिला प्रशासन की निगरानी में भवन खाली कराने की प्रक्रिया पूरी की गई. प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हैंडओवर-टेकओवर की औपचारिक कार्रवाई संपन्न हुई. इस दौरान भवन में मौजूद सभी सामानों का विवरण तैयार किया गया और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि पारदर्शिता बनी रहे.
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई झारखंड उच्च न्यायालय में लंबित रीना कुमारी बनाम झारखंड राज्य एवं अन्य मामले में पारित आदेश के आधार पर की गई. सुनवाई के दौरान अदालत को बताया गया था कि जामताड़ा नगर पंचायत के लिए नया टाउन हॉल तैयार हो चुका है और नगर पंचायत का संचालन भी वहीं से किया जा रहा है. इसके बाद न्यायालय ने स्कूल परिसर में स्थित पुराने नगर भवन को खाली कर स्कूल प्रबंधन को सौंपने का निर्देश दिया था.
न्यायालय के आदेश के अनुपालन के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, जामताड़ा द्वारा कार्यपालक दंडाधिकारी- सह- अंचल अधिकारी को प्रतिनियुक्त किया गया था. वहीं किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए जामताड़ा थाना की ओर से पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था भी की गई थी.
बताया जाता है कि स्कूल प्रबंधन लंबे समय से अपने परिसर को पूरी तरह वापस लेने की मांग कर रहा था. जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश के बाद स्कूल के प्रभारी प्राचार्य ने भी प्रशासन को पत्र लिखकर न्यायालय के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया था.
भवन खाली होने के बाद अब स्कूल को शैक्षणिक गतिविधियों, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध होगा. इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलने की उम्मीद है और स्कूल के समग्र विकास को भी गति मिलेगी.
इस कार्रवाई के साथ जिला प्रशासन ने यह संदेश भी दिया है कि न्यायालय के आदेशों का समयबद्ध और प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

