धनबाद: पुलिस को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है. कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के करीबी सहयोगी सैफी उर्फ ‘मेजर’ को इंटरपोल की मदद से दुबई से भारत लाया गया, जहां कोलकाता एयरपोर्ट पर स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने उसे गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तारी के बाद सैफी से गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि 17 अप्रैल को धनबाद मेयर संजीव सिंह के समर्थक शुभम यादव की हत्या प्रिंस खान के इशारे पर सैफी ने ही कराई थी.
जानकारी के अनुसार, शुभम यादव ने प्रिंस खान और धनबाद सांसद के बीच संबंधों को लेकर कई गोपनीय सूचनाएं झारखंड डीजीपी और धनबाद एसएसपी को पत्र के माध्यम से दी थीं. इसके बाद वह गैंग के निशाने पर आ गया था.
सैफी लंबे समय से झारखंड के व्यापारियों के बीच खौफ का नाम बना हुआ था. वह प्रिंस खान के इशारे पर रंगदारी वसूली और गैंग के अवैध वित्तीय लेनदेन को संचालित करता था. धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि सैफी पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी. उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान गैंग के कई अहम राज खुलने की संभावना है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दर्जनों मामलों में वांछित प्रिंस खान ने अपना ठिकाना दुबई से पाकिस्तान शिफ्ट कर लिया है. गैंग बड़े व्यापारियों को निशाना बनाकर हवाला के जरिए रंगदारी की रकम विदेश भेजता रहा है. फिलहाल सैफी से कोलकाता STF द्वारा पूछताछ जारी है. इसके बाद धनबाद SIT टीम उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर धनबाद लाएगी.
अधिकारियों ने इसे संगठित अपराध के खिलाफ अभियान की बड़ी कामयाबी बताया है, जिससे धनबाद में अपराधियों के मनोबल पर बड़ा असर पड़ने की उम्मीद है.

