जमशेदपुर: विजयादशमी के अवसर पर कदमा नागरकोट दुर्गा पूजा कमेटी के पंडाल में पारंपरिक सिंदूर खेला की रस्म श्रद्धा और उल्लास के साथ निभाई गई. बड़ी संख्या में महिलाओं ने मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित कर अखंड सौभाग्य, परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद मांगा.


पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं और अखंड सुहाग की कामना की. सिंदूर खेला के दौरान पूरा पूजा पंडाल मां दुर्गा के जयकारों से गूंजता रहा. एक तरफ मां की विदाई को लेकर श्रद्धालुओं में भावुकता नजर आई, वहीं दूसरी ओर विजयादशमी के उल्लास और पारंपरिक रस्मों ने माहौल को भक्तिमय बनाए रखा.
श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से परिवार और समाज में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना करते हुए अगले वर्ष फिर आने की प्रार्थना की. इसके साथ ही मां दुर्गा की विदाई की रस्में पूरी की गईं.
कार्यक्रम को सफल बनाने में पूजा कमेटी के अध्यक्ष एमएस नंदी, सचिव पीके सिंह, देवाशीष नंदी, सुब्रतो मोहंती, सपना नंदी, संगीता सिंह, अनुपमा सिंह, शशि सिंह, बाबू दा, बी साहू, अंजना मल्लिक, काकोली नंदी, लखींद्र महतो, निवेदिता सेनगुप्ता और सुजाता राय सहित कमेटी के अन्य सदस्यों का योगदान रहा.

