आदित्यपुर: जियाडा- स्वर्णरेखा परियोजना के समीप सर्विस रोड पर बीती रात हुए मानगो निवासी शेखर हत्याकांड में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए फ़ास्ट फूड विक्रेता बाप-बेटे समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार फास्ट फूड दुकान से जुड़े लोगों पर मानगो निवासी शेखर पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या करने का आरोप है. हमले में एक अन्य युवक भी घायल हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है.


बताया जा रहा है कि शेखर दुर्गा पूजा पंडाल में इलेक्ट्रीशियन का काम कर रहा था. देर रात वह अपने साथियों के साथ सर्विस रोड स्थित फास्ट फूड दुकान पर खाना खाने पहुंचा था. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दुकानदारों ने शेखर और उसके साथियों के साथ मारपीट की और धारदार हथियार से हमला किया. गंभीर रूप से घायल शेखर की बाद में मौत हो गई.
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया. उनसे पूछताछ की जा रही है. हालांकि आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.
गौरतलब है कि घटनास्थल वाली सर्विस रोड पर पिछले करीब एक साल से फास्ट फूड दुकानदारों द्वारा अवैध कब्जे का मामला भी सामने आता रहा है. अब हत्या की इस घटना के बाद वहां संचालित दुकानों, अतिक्रमण और देर रात तक होने वाली गतिविधियों पर प्रशासनिक निगरानी को लेकर सवाल और गंभीर हो गए हैं.

