कांड्रा: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गिद्दीबेड़ा टोल से चांडिल जाने वाले रास्ते के किनारे झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ. मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के मानबाजार निवासी 45 वर्षीय अनिल सोरेन उर्फ लंबू ड्राइवर के रूप में हुई है. वह 17 अक्टूबर से लापता था.


जानकारी के अनुसार, आधुनिक पावर के पंप के समीप झाड़ियों की ओर से दुर्गंध आने पर राहगीरों की नजर वहां पड़े शव पर पड़ी. इसके बाद राहगीरों ने नजदीकी होटल संचालकों और टोल कर्मियों को इसकी सूचना दी. मौके पर पहुंचकर लोगों ने शव की पहचान अनिल सोरेन के रूप में की.
अनिल सोरेन पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बोरो थाना क्षेत्र अंतर्गत मानबाजार के गोलपाड़ा गांव का रहने वाला था. उसके गांव का पता गोलपाड़ा, पोस्ट ऑफिस डांगरडीह बताया गया है. वह पिछले कुछ दिनों से सत्यनारायण महतो के यहां हाईवा चालक के रूप में काम कर रहा था.
बताया गया कि अनिल सोरेन के लापता होने के बाद उसकी तलाश की जा रही थी. इस संबंध में सत्यनारायण महतो द्वारा उसके भाई एवं थाने को सूचना देने के साथ ही सोशल मीडिया पर भी उसके लापता होने की जानकारी साझा की गई थी. वहीं सूचना पर मृतक के भाई भी कांड्रा आकर सीसीटीवी की जांच के साथ साथ कई जगह पर भी खोजबीन किया था. हालांकि, गुरुवार सुबह उसका शव मिलने से परिजनों और परिचितों के बीच चिंता का माहौल है.
घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. फिलहाल मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

