धनबाद: साइबर थाना पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो बैंक खाते खुलवाकर उन्हें साइबर अपराधियों तक पहुंचाने का काम करता था. गुप्त सूचना के आधार पर पुराना बरवाअड्डा थाना के सामने स्थित कृष्णा इंटरनेट कैफे में छापेमारी कर पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया. कार्रवाई के दौरान कई एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं.


सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी सीसीआर प्रदीप कुमार साव ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर तिसरा थाना क्षेत्र के मुकुन्दा निवासी संतोष कुमार गोराई को गिरफ्तार किया. पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन, छह सिम कार्ड तथा विभिन्न बैंकों के सात एटीएम कार्ड बरामद किए हैं.
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी आम लोगों को झांसा देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाता था. इसके बदले उन्हें पांच हजार रुपये तक का लालच दिया जाता था. खाता खुलवाने के बाद आरोपी एटीएम कार्ड और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर अपने पास रख लेता था. बाद में इन्हें साइबर अपराधियों को 20 से 25 हजार रुपये में बेच दिया जाता था.
पूछताछ के दौरान आरोपी ने इस पूरे खेल में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. जांच में उसके मोबाइल फोन से कई बैंक खातों और यूपीआई एप्लीकेशन से जुड़े दस्तावेज एवं स्क्रीनशॉट भी मिले हैं. पुलिस के अनुसार बरामद खातों के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर साइबर ठगी से संबंधित कई शिकायतें दर्ज हैं.
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम को ट्रांसफर करने और निकालने के लिए किया जाता था. पुलिस को आशंका है कि आरोपी एक बड़े साइबर नेटवर्क से जुड़ा हुआ है और उसके माध्यम से कई राज्यों में ठगी के पैसों का लेन-देन किया जाता था.
साइबर थाना धनबाद में कांड संख्या 32/2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धारा 66(C) और 66(D) के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

