
जामताड़ा: मुहर्रम 2026 के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जामताड़ा विद्युत आपूर्ति प्रमंडल पूरी तरह अलर्ट मोड में है. विद्युत कार्यपालक अभियंता अभिषेक आनंद के निर्देश पर जिले के विभिन्न संवेदनशील और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विशेष ड्यूटी व्यवस्था लागू की गई है.


उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को जामताड़ा और मिहिजाम क्षेत्र के कुल 28 स्थानों पर सहायक विद्युत अभियंता, कनीय विद्युत अभियंता और मानव दिवस कर्मियों की तैनाती की गई है. इनमें नियंत्रण कक्ष, 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र, सुभाष चौक, राजाबाड़ी, श्रीरामपुर, नारायणपुर, नाला बाजार, फतेहपुर बाजार, बामनडीहा, भागनाडीह और कुंडहित बाजार सहित कई प्रमुख स्थल शामिल हैं.
विभाग ने सभी कनीय विद्युत अभियंताओं को अपने अधीनस्थ कर्मियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने तथा किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन और थाना प्रभारी के सहयोग से तत्काल विद्युत आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया है.
विद्युत कार्यपालक अभियंता अभिषेक आनंद ने कहा कि मुहर्रम के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए विभाग पूरी तरह तैयार और सतर्क है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






