चतरा: शहर में स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य उस समय एक दर्दनाक हादसे में बदल गया जब शिशुपाल नामक युवक पोल पर चढ़ते समय सीढ़ी से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक शिशुपाल बोकारो जिले के कुन्नू गांव का रहने वाला बताया जा रहा है. घटना उस वक्त हुई जब वह बिना किसी सुरक्षा उपकरण, सेफ्टी बेल्ट या हेलमेट के बिजली के खंभे पर चढ़कर तार जोड़ने का काम कर रहा था.

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण पैर फिसलते ही वह खंभे से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से जख्मी हो गया. साथ मौजूद मजदूरों और स्थानीय लोगों ने उसे आनन- फानन में चतरा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
डॉक्टरों की ओर से मौत की पुष्टि होते ही मामला और भी गंभीर हो गया. बताया गया कि अस्पताल में मौजूद साथी कर्मी ठेकेदार अंतु अग्रवाल के इशारे पर शव को अस्पताल से हटाकर ले जाने की कोशिश कर रहे थे. सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और शहादत चौक के पास से शव को बरामद कर कब्जे में ले लिया. पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आखिर शव को किसके निर्देश पर और क्यों ले जाया जा रहा था.
मृतक शिशुपाल ठेकेदार अंतु अग्रवाल के कॉन्ट्रैक्ट में स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य कर रहा था. स्थानीय लोगों और परिजनों ने ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि वह मजदूरों से बिना सेफ्टी किट और उचित प्रशिक्षण के काम करवा रहा था, जो साफ तौर पर लापरवाही और नियमों का उल्लंघन है. लोगों ने दोषी ठेकेदार पर कड़ी कार्रवाई और मृतक के आश्रितों को आर्थिक मुआवजा देने की मांग की है.
वहीं पुलिस ने भी पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
