चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले में बालू के अवैध भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है. उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर सोमवार को चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) नितिन कुमार ने चौका थाना क्षेत्र के चांदूडीह स्थित दो लाइसेंसी बालू स्टॉक यार्डों का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया.



निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने दोनों स्टॉक यार्डों में बालू भंडारण से संबंधित लाइसेंस, विभिन्न विभागों की अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी), वन भूमि से निर्धारित दूरी, भंडारण क्षमता तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की. इस दौरान चौका थाना पुलिस भी मौजूद रही.
एसडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि दोनों स्टॉक यार्डों से जुड़े सभी दस्तावेज तत्काल उपलब्ध कराए जाएं और उनकी गहन जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन शीघ्र प्रस्तुत किया जाए. अंचलाधिकारी को भी सभी अभिलेखों का सत्यापन कर विस्तृत रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया.
एसडीओ नितिन कुमार ने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों की ओर से बालू स्टॉक यार्डों में संभावित अनियमितताओं की लगातार शिकायतें मिल रही थीं. इन्हीं शिकायतों के आधार पर उपायुक्त के निर्देश पर औचक निरीक्षण किया गया. उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अवैध खनन, अवैध भंडारण और खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है. ऐसे मामलों में आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.
सूत्रों के अनुसार. एसडीओ ने गुप्ता एंड संस तथा महेश्वर हेम्ब्रम के लाइसेंसी बालू स्टॉक यार्डों का निरीक्षण किया. प्रशासन को इन स्टॉक यार्डों में संभावित अनियमितताओं की शिकायत मिली थी. फिलहाल दस्तावेजों की जांच की जा रही है. जांच रिपोर्ट में यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित प्रावधानों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.





