पूर्णिया: पुलिस ने चर्चित शुभम कुशवाहा हत्याकांड का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में दो शूटर भी शामिल हैं, जिन्हें असम से पकड़ा गया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं. मामले में दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.



एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने प्रेसवार्ता में बताया कि नेवालाल चौक के पास हुई सूरज बिहारी की हत्या के बाद उसके भाई उदय बिहारी ने शुभम कुशवाहा की हत्या के लिए छह लाख रुपये की सुपारी दी थी. इसी साजिश के तहत शूटरों को वारदात को अंजाम देने के लिए लगाया गया.
उन्होंने बताया कि 24 जुलाई को नेवालाल चौक के पास छह अपराधियों ने वार्ड पार्षद रेखा देवी के पुत्र शुभम कुशवाहा और उसके मामा सागर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी. गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनका इलाज चल रहा है.
एसएसपी के अनुसार. गिरफ्तार चार आरोपियों में दो मधेपुरा और दो पूर्णिया जिले के निवासी हैं. मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस पूरे षड्यंत्र और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है. उन्होंने यह भी कहा कि शुभम कुशवाहा के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं. हालांकि वर्तमान मामले की जांच उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर की जा रही है.





