चतरा: अंतर्राज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चतरा पुलिस ने करीब 16 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब की खेप जब्त की है. पुलिस ने हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही करीब 3700 बोतल विदेशी शराब से लदे 12 चक्का ट्रक को भी कब्जे में लिया है. हालांकि ट्रक चालक और सहचालक पुलिस से बचने के लिए चलती गाड़ी से कूदकर जंगल के रास्ते फरार हो गए.


सदर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक में अवैध विदेशी शराब की बड़ी खेप चतरा के रास्ते बिहार ले जाई जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया और चतरा-जोरी मुख्य मार्ग एनएच-22 पर सेरेगड़ा के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया.
रात करीब 11:15 बजे एक संदिग्ध 12 चक्का ट्रक (UP37T-5050) को रोकने का प्रयास किया गया. लेकिन चालक वाहन रोकने के बजाय तेज गति से भाग निकला. पुलिस के अनुसार. चालक ने पीछा कर रही पेट्रोलिंग टीम को कुचलने का भी प्रयास किया और ट्रक को संघरी घाटी की ओर भगा ले गया.
पुलिस लगातार ट्रक का पीछा करती रही. संघरी घाटी के समीप पुलिस को नजदीक आता देख चालक और सहचालक चलती गाड़ी से कूदकर जंगल की ओर फरार हो गए. चालक के कूदते ही ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. इसके बाद पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई.
जांच के दौरान ट्रक के केबिन से एक फाइल, पर्स, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन संबंधी दस्तावेज बरामद हुए. पुलिस के अनुसार. दस्तावेज बिहार के हैं. जबकि वाहन राजस्थान में पंजीकृत है और उस पर उत्तर प्रदेश का नंबर प्लेट लगाया गया था. पुलिस पूरे मामले में फर्जी नंबर प्लेट और दस्तावेजों के इस्तेमाल की भी जांच कर रही है.
बरामद शराब में रॉयल ग्रीन और रॉयल चैलेंज ब्रांड की कुल लगभग 3700 बोतलें शामिल हैं. जिनका बाजार मूल्य करीब 16 लाख रुपये से अधिक बताया गया है.
मामले में सदर थाना में चालक, वाहन मालिक और अन्य अज्ञात तस्करों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं एवं झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

