चांडिल: प्रखंड क्षेत्र के चिलगु स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय कल्याणपुर में चार अतिरिक्त क्लास रूम निर्माण कार्य का शिलान्यास शनिवार को किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक सविता महतो ने विधिवत शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य की शुरुआत की.

इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने बताया कि झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के तहत करीब 36.01 लाख रुपये की लागत से चार नए क्लास रूम बनाए जाएंगे. उन्होंने कहा कि इससे विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा.

विधायक ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है. नए कक्ष निर्माण से छात्रों को पढ़ाई के लिए पर्याप्त स्थान मिलेगा, जिससे शिक्षण कार्य और अधिक सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा. उन्होंने संवेदक को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए.
इस मौके पर चारु चांद किस्कू, ओम प्रकाश लायेक, काबलू महतो, शंकर लायेक, शत्रुघन सिंह, कामदेव दास सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रबंधन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.

