चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिला के कपाली क्षेत्र में कमारगोड़ा चौक से कपाली ओपी तक जाने वाली मुख्य सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में थी. इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं, लेकिन सड़क की खराब स्थिति के कारण उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. कपाली पुराना नगर परिषद कार्यालय से लगभग 100 मीटर की दूरी पर सड़क का एक हिस्सा कई महीनों से गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुका था.

स्थानीय लोगों की शिकायतों को देखते हुए कपाली नगर परिषद ने मजदूर लगाकर सड़क की मरम्मत कराई, लेकिन यह मरम्मत कुछ ही घंटों में बेअसर साबित हो गई. लोगों का कहना है कि ईंट, मिट्टी और सामग्री सही तरीके से नहीं डाली गई, जिसके कारण सड़क पहले से भी ज्यादा खराब हो गई. हालात बिगड़ने पर प्रशासन ने वहां बैरिकेड लगाकर छोड़ दिया, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो.
इसी स्थान पर पेयजल आपूर्ति की पाइपलाइन भी लीक हो रही है, जिसके कारण लगातार बह रहा पानी सड़क को और कमजोर कर रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पाइपलाइन लीकेज और खराब मरम्मत दोनों मिलकर सड़क को खतरनाक बना रहे हैं. वाहन चालकों के लिए यह जगह हर दिन बड़ा जोखिम बनी हुई है.
कपाली के लोगों ने नगर परिषद पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा है कि मरम्मत सिर्फ दिखावे के लिए की गई. सड़क पहले भी जर्जर थी और अब स्थिति उससे कहीं ज्यादा बदतर हो गई है. स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है. उनकी मांग है कि सड़क की गुणवत्तापूर्ण, स्थायी मरम्मत हो, पाइपलाइन लीकेज ठीक कराया जाए और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
लोगों का सवाल है कि कपाली की यह जर्जर सड़क आखिर कब ठीक होगी और इस समस्या का स्थायी समाधान कब मिलेगा.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
