चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र स्थित इस्लामनगर में हुए फायरिंग कांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. मामले की जानकारी चांडिल एसडीपीओ ने प्रेस वार्ता के दौरान दी.


गिरफ्तार आरोपी की पहचान इस्लामनगर निवासी 42 वर्षीय अशफाक अहमद उर्फ बल्लू के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार 2 जून 2026 को जमीन पर कार्य करा रहे अफसर नवाज पर हमला करते हुए फायरिंग की गई थी. घटना के बाद पीड़ित के बयान पर कपाली ओपी में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और अन्य भौतिक प्रमाणों के आधार पर आरोपी की पहचान की. इसके बाद 4 जून को पश्चिम बंगाल के पुरुलिया रोड स्थित बड़ा बाजार क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
शुक्रवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस ने बताया कि आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है.
पुलिस का कहना है कि फायरिंग कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. मामले की जांच अभी जारी है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

