चांडिल/कुकड़ू: चांडिल वन रेंज में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. डेम क्षेत्र के कांगलाडीह, सुकसारी समेत कई गांव इन दिनों हाथियों के हमलों से प्रभावित हैं. बीती रात हाथियों के झुंड ने सुकसारी गांव में गंगाधर महतो के घर पर हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है.



इधर, कुकड़ू प्रखंड के कुदा गांव में भी हाथियों के झुंड ने रात के समय जमकर उत्पात मचाया. ग्रामीणों के अनुसार हाथी लगातार आबादी वाले क्षेत्रों की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे जान-माल का खतरा बढ़ गया है. रात होते ही लोग घरों से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं और पूरी रात जागकर पहरा देने को मजबूर हैं.

लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी भी बढ़ रही है. लोगों का कहना है कि हाथियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी नहीं होने के कारण स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है.
ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के झुंड को आबादी वाले क्षेत्रों से सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने, प्रभावित गांवों में नियमित निगरानी बढ़ाने, प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने तथा हाथी प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित राहत दल की तैनाती की मांग की है.





