चांडिल: मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत चांडिल प्रखंड की दो महत्वपूर्ण सड़कों का गुरुवार को विधायक सविता महतो ने विधिवत शिलापट्ट अनावरण कर शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क से विकास को नई गति मिलेगी और लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी.


विधायक सविता महतो ने बताया कि बानसा-रेयारदा पथ के लपाईबेड़ा से गुटीउली देवरागोड़ा तक 2.8 किलोमीटर सड़क का निर्माण 2 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा. वहीं एनएच-33 से हुमीद गांव तक 1.47 किलोमीटर सड़क का निर्माण 84 लाख रुपये की लागत से होगा. दोनों योजनाओं पर कुल 3 करोड़ 33 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे.

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से ग्रामीण इलाकों में शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक लोगों की पहुंच आसान होगी. साथ ही गांवों के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी मजबूती मिलेगी. विधायक ने संबंधित विभाग और संवेदक को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया.

इस अवसर पर झामुमो केंद्रीय सदस्य चारु चांद किस्कू, ओमप्रकाश लायेक, जिला सचिव बैधनाथ टुडू, प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, अर्जुन सिंह मुंडा, लंबोदर महतो, मुखिया बुद्धेश्वर बेसरा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
इधर विधायक सविता महतो ने चांडिल प्रखंड के चौका पंचायत भवन के समीप विधायक योजना से निर्मित क्रांतिकारी वीरांगना फूलों- झानो मूर्ति स्थल सौंदर्यीकरण कार्य का भी उद्घाटन किया. उन्होंने विधिवत शिलापट्ट अनावरण कर फूलों-झानो की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें नमन किया.

विधायक ने बताया कि करीब 4 लाख 69 हजार 700 रुपये की लागत से इस सौंदर्यीकरण कार्य को पूरा कराया गया है. उन्होंने कहा कि वीरांगना फूलों-झानो का संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है.

