चाईबासा/ Jayant Pramanik झारखंड राज्य अपने 25वें स्थापना दिवस की तैयारी में जुटा है, और इसी बीच पश्चिम सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया प्रखंड अंतर्गत कुसमुंडा गांव में लंबे इंतजार के बाद बिजली की रोशनी लौट आई है. बीते कई महीनों से गांव का 100 केवी ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण पूरा इलाका अंधेरे में डूबा हुआ था. ग्रामीणों ने कई बार इसकी शिकायत जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों से की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था.

ग्रामीणों की परेशानी की जानकारी मिलते ही भाजपा झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्वी सिंहभूम जिला प्रभारी और पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने पहल की. उन्होंने तत्परता दिखाते हुए विभागीय अधिकारियों से बातचीत कर गांव में नया ट्रांसफार्मर लगाने की व्यवस्था की.
गुरुवार को नया ट्रांसफार्मर लगने के बाद गांव में एक बार फिर बिजली की रोशनी लौट आई. ग्रामीणों के चेहरे खुशी से खिल उठे. लोगों ने कहा कि अब वे भी झारखंड स्थापना दिवस के जश्न में “रोशनी के साथ खुशी” मना पाएंगे.
गांव के भाजपा कार्यकर्ता कमल गागराई और लाल सिंह गागराई ने कहा कि “महीनों तक अंधेरे में रहने के बाद अब राहत मिली है. यह पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई के प्रयासों का ही परिणाम है कि आज गांव फिर से जगमगा उठा है.”
ग्रामीणों ने पूर्व मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने समय पर पहल कर वर्षों से चली आ रही समस्या का समाधान कराया. स्थापना दिवस से पहले बिजली बहाल होने से पूरे गांव में उत्साह और उमंग का माहौल है. अब कुसमुंडा गांव भी राज्य की रजत जयंती समारोह में जगमग रोशनी के साथ शामिल होने को तैयार है.

