चाईबासा/ Jyotish Mahali मझगांव विधानसभा क्षेत्र में जंगली हाथियों के लगातार बढ़ते आतंक और कई गांवों में अब तक बिजली नहीं पहुंचने के मुद्दे को लेकर मंझारी प्रखंड के बुनमलता गांव में एक बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद सदस्य सह झारखंड बचाओ जनसंघर्ष मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष माधव चंद्र कुंकल ने की.

बैठक में ग्रामीणों ने बताया कि विगत जनवरी माह से अब तक जंगली हाथियों ने कई गांवों में ग्रामीणों के घरों को नुकसान पहुंचाया है, लेकिन प्रभावित परिवारों को अब तक उचित मुआवजा नहीं मिल पाया है. इससे लोगों में नाराजगी देखी जा रही है.
इसके अलावा मेरामहोनर पंचायत के पताहातू गांव के टोला संग्रामबासा, नीताबासा, गालाबासा और टेंगरा गांव के टोला जोबासाईं में आज तक विद्युतीकरण नहीं होने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि बिजली नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई, पेयजल और अन्य दैनिक कार्यों में दिक्कत होती है.
माधव चंद्र कुंकल ने कहा कि झारखंड सरकार और वन विभाग के सुस्त रवैये के कारण हाथियों से क्षतिग्रस्त घरों के मुआवजे के लिए फंड की कमी बताई जा रही है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार के पास आम लोगों के लिए फंड नहीं है, लेकिन राज्य के मुखिया हेमंत सोरेन के लिए सरकारी खर्च पर लग्जरी गाड़ी खरीदने में कोई कमी नहीं दिखाई देती.
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द मुआवजा नहीं दिया गया तो 24 मार्च 2026 को वन विभाग कार्यालय का घेराव किया जाएगा. वहीं, छूटे हुए गांवों में बिजली पहुंचाने की मांग को लेकर 12 मार्च 2026 को विद्युत विभाग के खप्परसाई कार्यालय का अनिश्चितकालीन घेराव किया जाएगा.
बैठक में रंजीत बिरुवा, पवन बिरुवा, मनोज गोप, शत्रुघ्न कुंकल, विभूति गोप, सूरज गोप, सूरज हांसदा, रोहित पान, मनीष गोप, दूसरु कुंकल, दुर्गा चरण कुंकल सहित कई ग्रामीण मौजूद थे.

