
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा ओपी क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चोरी की सात मोटरसाइकिल बरामद की हैं. कार्रवाई के दौरान गिरोह से जुड़े छह लोगों को हिरासत में लिया गया. इनमें तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि तीन विधि-विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया गया है.


पुलिस अधीक्षक अमित रेनू को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं और इन्हीं वाहनों का उपयोग छिनतई, चोरी तथा मारपीट जैसी आपराधिक घटनाओं में भी किया जा रहा है. सूचना के आधार पर एसडीपीओ किरीबुरू विनित कुमार किन्डो के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.
पुलिस टीम ने बड़ाजामदा के टंकीसाई, नोवामुंडी के डुकासाई और लाल बिल्डिंग के समीप झाड़ियों में छापेमारी कर चोरी की सात मोटरसाइकिल बरामद की. पूछताछ में आरोपियों ने कई वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की.
पुलिस के अनुसार गिरोह के मास्टरमाइंड दयाल कुमार नाग उर्फ मंगरू और संदीप पिंगुवा उर्फ पोटी उर्फ तितली हैं, जो पहले भी जेल जा चुके हैं. गिरफ्तार आरोपियों में दयाल कुमार नाग (20 वर्ष), संदीप पिंगुवा (25 वर्ष) और बॉबी दास (19 वर्ष) शामिल हैं. पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.
Edited By Sarita Mahato


