
जमशेदपुर: मानगो नगर निगम अंतर्गत वार्ड संख्या 29 की पार्षद परवीन बानो ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों को लेकर मेयर सुधा गुप्ता एवं उप नगर आयुक्त को आवेदन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की.


आवेदन में उन्होंने ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-2 वेस्ट स्थित आरके मेडिकल के समीप बने नाले पर सुरक्षा रेलिंग लगाने की मांग की. उन्होंने कहा कि रेलिंग नहीं होने से राहगीरों और स्थानीय लोगों के साथ कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
इसके अलावा पार्षद ने ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-14 वेस्ट स्थित नाले के चौड़ीकरण की भी मांग उठाई. उनका कहना है कि संकरा नाला होने के कारण बरसात में जल निकासी बाधित होती है, जिससे सड़क और आसपास के इलाकों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है.
इस दौरान पार्षद परवीन बानो ने वार्ड में सड़क, नाली, साफ- सफाई, जल निकासी समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी अधिकारियों से चर्चा की और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया.
मेयर और उप नगर आयुक्त ने आवेदन प्राप्त कर संबंधित समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया. इस अवसर पर समाजसेवी अजमेरी खातून, हाजी सद्दाम हुसैन, दानिश, शाकिब, वसीम हसन, फिरोज समेत कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक


