चाईबासा/ Jayant Pramanik सोनुआ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ‘विश्व मलेरिया दिवस’ के अवसर पर शनिवार को विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. इस दौरान मलेरिया के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता रथ को रवाना किया गया.

कार्यक्रम के दौरान चिकित्सक डॉ. राजकुमार मरांडी ने अस्पताल परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह रथ क्षेत्र के विभिन्न गांवों और टोलों में जाकर मलेरिया से बचाव, लक्षणों की पहचान और समय पर इलाज कराने के प्रति लोगों को जागरूक करेगा.

अभियान के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं को मलेरिया से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई. इसके साथ ही छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को साफ- सफाई बनाए रखने और मच्छरदानी के उपयोग का संदेश दिया. छात्राओं ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर पूरे उत्साह के साथ भागीदारी निभाई.
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में शपथ ग्रहण भी कराया गया, जिसमें मलेरिया उन्मूलन के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को जागरूक करने का संकल्प लिया गया.
इस अवसर पर डॉ. मरांडी ने कहा कि मलेरिया एक गंभीर लेकिन रोकथाम योग्य बीमारी है. यदि लोग अपने आसपास पानी जमा नहीं होने दें और सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें, तो इस बीमारी से काफी हद तक बचा जा सकता है.
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों के साथ-साथ सिमी संस्था के नीरज कुमार, जितेंद्र बिरुवा, संजीव कुमार, चंदन कुमार प्रधान, अनीता कुमारी महतो, सहिया एवं एएनएम सहित कई लोग उपस्थित रहे.

