जामताड़ा/ Manish Baranwal इंडोर स्टेडियम में पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवाकार्य विभाग तथा झारखंड खेल प्राधिकरण के तत्वावधान में अस्मिता लीग 2025- 26 के प्रथम चरण का सफल आयोजन किया गया.

प्रतियोगिता के पहले चरण में बैडमिंटन, ताइक्वांडो और टेबल टेनिस मुकाबले आयोजित किए गए, जिसमें जिले के कई सरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ डे बोर्डिंग सेंटर के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. दूसरे चरण में 29 अप्रैल को आउटडोर स्टेडियम में फुटबॉल और कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी.
कार्यक्रम के दौरान जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्दार ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास करने और खेल को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी.
टेबल टेनिस अंडर-15 वर्ग में साक्षी कुमारी ने प्रथम, अंजलि मरांडी ने द्वितीय और उपासना कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. अंडर-20 वर्ग में निशा कुमारी विजेता रहीं, जबकि सोनिया हसदा द्वितीय और मार्शिला टुडू तृतीय स्थान पर रहीं.
बैडमिंटन गर्ल्स सिंगल्स अंडर-15 वर्ग में अन्या तिवारी विजेता और मोनिका मरांडी उपविजेता रहीं. वहीं अंडर-19 वर्ग में श्रेया श्री ने खिताब अपने नाम किया और नाज परवीन रनर-अप रहीं. ताइक्वांडो प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. बीरा कुमारी शर्मा, ब्यूटी कुमारी, गुंजन कुमारी, जिया कुमारी, आसन कुमारी, काजल कुमारी, खुशी कुमारी, आयुषी कुमारी, लक्ष्मी ठाकुर और प्रिया बावरी ने अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया.
प्रतियोगिता के समापन पर सभी सफल खिलाड़ियों को पदक, प्रमाण पत्र और खेल किट वितरित किए गए. इस अवसर पर जिला खेल समन्वयक अमित साव, पर्यटन विशेषज्ञ सूरज कुमार गुप्ता, दिलीप दुबे, मीना कुमारी, मधु सूदन मंडल, राजकुमार मंडल तथा विभिन्न खेल प्रशिक्षक और पदाधिकारी उपस्थित रहे.

