
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के गुदड़ी प्रखंड को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में गुरुवार को बड़ा कदम उठाया गया. विधायक जगत माझी की पहल पर उपायुक्त मनीष कुमार समेत प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने गुदड़ी, लोढ़ाई, बेड़ाकायम, गिरू और टोमडेल क्षेत्रों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं.


विधायक जगत माझी ने कहा कि गुदड़ी क्षेत्र जल्द ही विकास की पटरी पर दौड़ेगा. उन्होंने क्षेत्र में नेटवर्क समस्या को गंभीर बताते हुए इसके स्थायी समाधान का भरोसा दिलाया.

दौरे के दौरान उपायुक्त ने गुदड़ी और लोढ़ाई के विद्यालयों में 50- 50 बेड के छात्रावास निर्माण, विद्यालयों की चारदीवारी और शिक्षकों की कमी दूर करने के निर्देश दिए. वहीं लोढ़ाई में सप्ताह में एक दिन कैंप कार्यालय चलाने का भी फैसला लिया गया ताकि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके.
अधिकारियों ने बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत विकसित आम बागवानी का निरीक्षण किया और किसानों को ड्रैगन फ्रूट की खेती के लिए प्रोत्साहित किया. वहीं बेड़ाकायम गांव में तीन किलोमीटर पैदल चलकर अबुआ आवास योजना के तहत बने घर का उद्घाटन भी किया गया. ग्रामीणों ने प्रशासनिक टीम के दौरे का स्वागत करते हुए क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान की उम्मीद जताई.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक






