राजनगर: देशकरम एकता संघ, राजनगर के बैनर तले आयोजित होने वाले देशकरम महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. रविवार 27 सितंबर को राजनगर में पारंपरिक रीति-रिवाज, संस्कृति और सामाजिक एकजुटता के बीच महोत्सव का आयोजन होगा. कार्यक्रम को लेकर कुड़मी भवन और आसपास के इलाके को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. शनिवार शाम से ही क्षेत्र में महोत्सव का माहौल नजर आने लगा है.


आयोजन को लेकर संघ की ओर से पूर्व में बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया था. बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष सुधांशु महतो ने की थी. महोत्सव को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सदस्यों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.
शहीद निर्मल महतो की आदमकद प्रतिमा होगी स्थापित
इस वर्ष देशकरम महोत्सव में शहीद निर्मल महतो की आदमकद प्रतिमा की स्थापना विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी. राजनगर कुड़मी भवन के समीप प्रतिमा स्थापित की जाएगी. प्रतिमा स्थापना को लेकर समाज के लोगों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं में उत्साह है.
आयोजकों के अनुसार देशकरम महोत्सव समाज की परंपरा, संस्कृति और सामाजिक विरासत को संरक्षित करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का अवसर है. महोत्सव के माध्यम से सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा.
आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष सुधांशु महतो, सचिव साहेबराम महतो, कोषाध्यक्ष घनश्याम महतो, सह सचिव गुरुचरण महतो, उपाध्यक्ष वैद्यनाथ महतो व नरेंद्र महतो, उप कोषाध्यक्ष उदित महतो, मीडिया प्रभारी डॉ. सुभाष चंद्र महतो, कृष्णा महतो सहित संघ के पदाधिकारी, सदस्य और युवा कार्यकर्ता जुटे हुए हैं.
आयोजकों ने समाज के लोगों से अधिक संख्या में महोत्सव में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

