राजनगर: प्रखंड अंतर्गत केंदमुंडी पंचायत के मझगांव में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण पांचला बास्के का कच्चा मकान ध्वस्त हो गया. घर गिरने के बाद परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है.


बताया गया कि पांचला बास्के के माता-पिता का निधन पहले ही हो चुका है. वह अपनी बहन और बुआ के साथ इसी कच्चे मकान में रहती थीं. परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और घर में कमाने वाला कोई सदस्य नहीं है.
लगातार बारिश के कारण कच्चा मकान पूरी तरह कमजोर हो गया था. इसी बीच अचानक मकान ध्वस्त हो गया. हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. घर गिरने के बाद परिवार को रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से ध्वस्त मकान का स्थल निरीक्षण कर उचित मुआवजा दिलाने तथा सरकार की आवास योजना के तहत पक्का मकान उपलब्ध कराने की मांग की है. परिवार का कहना है कि बारिश के मौसम में सिर से छत छिन जाने के कारण उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं और तत्काल सरकारी सहायता की जरूरत है.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

